सभी प्रारूपों में जसप्रीत बुमराह के हालिया प्रदर्शन से प्रभावित दक्षिण अफ्रीका के पूर्व मध्यम तेज गेंदबाज वर्नोन फिलैंडर ने कहा है कि वह इस साल होने वाले टी-20 विश्व कप में भारत की सफलता की कुंजी रहने के साथ सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज भी साबित होंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापत्तनम में दूसरे टेस्ट में 9 विकेट लेकर भारत को 91 रन से जीत दिलाकर श्रृंखला में 1-1 से वापसी कराने वाले बुमराह आईसीसी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए हैं। इससे पहले दिसंबर 1979 से फरवरी 1980 के बीच कपिल देव आईसीसी टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में दूसरे नंबर पर पहुंचे थे।
ये भी पढ़ें – दुनिया के नंबर 1 टेस्ट गेंदबाज बने जसप्रीत बुमराह
मुकम्मिल गेंदबाज बन गए है बुमराह
वर्नोन फिलैंडर ने मीडिया को कहा कि बुमराह इस समय मुकम्मिल गेंदबाज है। उनके पास जबर्दस्त कौशल है और उन्होंने सटीक गेंदबाजी का हुनर सीख लिया है जिससे टेस्ट क्रिकेट में इतनी सफलता मिल रही है।फिलैंडर ने कहा कि बुमराह पहले हर गेंद पर विकेट लेना चाहते थे, जिसके कारण वें काफी महंगे साबित होते थे, लेकिन अब उनके प्रदर्शन में निरंतरता आ गई है।
उन्होंने कहा कि वह ऐसा गेंदबाज हैं, जिसे टी-20 क्रिकेट में भी कभी हल्के में नहीं लिया जा सकता। वह नयी गेंद से स्विंग कराते हैं और बल्लेबाज को आगे बढ़कर खेलने के लिये मजबूर करते हैं। इसके बाद डेथ ओवर्स में उनके यॉर्कर काफी धारदार होते हैं और टी-20 क्रिकेट में आपको यही तो चाहिए। मुझे लगता है कि वह टी-20 विश्व कप में सबसे कामयाब तेज गेंदबाज होंगे।
ये भी पढ़ें – विदेशों में अच्छा प्रदर्शन करने में सबसे सर्वश्रेष्ठ है टीम इंडिया : रविचंद्रन अश्विन
जून में होगा टी-20 विश्व कप
टी-20 विश्व कप जून में वेस्टइंडीज और अमेरिका में खेला जाएगा। वर्नोन फिलैंडर ने मोहम्मद शमी की भी तारीफ करते हुए कहा कि वह गेंद को बखूबी स्विंग कराते हैं। दक्षिण अफ्रीका के लिए 64 टेस्ट में 224 विकेट लेने वाले फिलैंडर ने कहा कि भारत के मौजूदा तेज गेंदबाजों से मैं काफी प्रभावित हूं। बुमराह के अलावा मोहम्मद शमी भी हैं जो सीम का बखूबी इस्तेमाल करते हैं।
दक्षिण अफ्रीका में गेंदबाजी करना आसान नहीं होता, लेकिन भारत की सपाट पिचों पर गेंदबाजी करने के बाद उन्होंने जिस तरह यहां गेंदबाजी की, वह काबिले तारीफ है। फिलैंडर ने कहा कि विदेशी सरजमीं पर उम्दा प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाजों का टीम में होना भारतीय क्रिकेट के लिये अच्छा संकेत है। उन्होंने कहा कि जब भी भारतीय टीम यहां आती है तो पिछली बार से बेहतर प्रदर्शन करती है। उपमहाद्वीप में स्पिनरों ने भारत को मैच जिताए हैं, लेकिन अब उसके पास मैच जिताने वाले तेज गेंदबाज भी हैं।
