इंदौर। तिलक नगर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में पिछले दिनों दिल्ली निवासी ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सोनिला शर्मा से मुलाकात करने होटल पहुंचे इंदौर के पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी कारोबारी के (Indore Beautician Suicide Case) खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने सहित अन्य सुसंगत धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
Indore Beautician Suicide Case – इंदौर के तिलक नगर थाना के एक होटल में दिल्ली की ब्यूटीशियन सोनिला शर्मा की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले की शुरुआती जांच में ही पुलिस को स्पष्ट हो गया था कि महिला ने आत्महत्या की है। पुलिस द्वारा की गई बारीकी से पड़ताल में यह तथ्य सामने आया कि सोनिला शर्मा इंदौर के पाइप कारोबारी दीपक खंडेलवाल से मिलने आई हुई थी और दोनों के बीच लंबे समय से घनिष्ठ संबंध थे।
ब्लैकमेलिंग और धमकी का एंगल
कारोबारी के परिजनों को उनके संबंधों की जानकारी मिल चुकी थी, जिसके चलते वह सोनिला शर्मा से दूरी बना रहा था और मुलाकात से बच रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि सोनिला ने कारोबारी को धमकी दी थी कि यदि वह होटल मिलने नहीं आया तो वह जान दे देगी। धमकी के बाद दीपक उससे मिलने होटल के कमरे में पहुंचा, लेकिन कुछ ही देर बाद वह हड़बड़ाहट में बाहर निकला और होटल स्टाफ को महिला की तबीयत खराब होने की बात कही। जब होटल प्रबंधन कमरे में पहुंचा, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
