बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के सहुका गांव निवासी आर्मी जवान शत्रुघ्न यादव की लखनऊ के मिलिट्री अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। पिछले दिनों (Bihar Crime News) जमीन रजिस्ट्री के करीब 16 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में उन्हें स्कॉर्पियो के अंदर बंद करके पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई थी। इस दिल दहला देने वाली घटना में जवान 80 प्रतिशत से अधिक झुलस गए थे, और करीब आठ दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद बुधवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।

Bihar Crime News – फौजी की शहादत और मौत की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुँची, ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएँ और पुरुष तिरंगा हाथ में लेकर सड़कों पर उतर आए और करीब पाँच किलोमीटर का पैदल मार्च करते हुए रामगढ़ थाना पहुँच गए। थाने का घेराव कर प्रदर्शनकारियों ने सभी फरार आरोपितों की तुरंत गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा देने की पुरजोर मांग की।

NH-319A पर लगाया गया जाम

थाने पर प्रदर्शन के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने रामगढ़ के दुर्गा चौक के पास नेशनल हाईवे (NH-319A) पर बैठकर जाम लगा दिया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शी, एसडीपीओ और भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। प्रशासन ने ग्रामीणों को शांत कराते हुए एसआईटी (SIT) गठन और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को जल्द सजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।

Share.
Exit mobile version