इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ नामक छात्र संवाद कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आगामी 19 सितंबर को मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर पहुंच रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे 19 सितंबर (शनिवार) दोपहर 1:45 बजे इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से (Rahul Gandhi Indore Visit ) सीधे होटल रेडिसन जाएंगे। इसके बाद शाम 5:30 बजे रीजनल पार्क के सामने आयोजित मुख्य कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे, जहां वे रात 8:30 बजे तक छात्रों और युवाओं के साथ संवाद करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के पश्चात वे सीधे एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और रात 9:00 बजे विशेष विमान से दिल्ली लौट जाएंगे।
Rahul Gandhi Indore Visit – हालांकि, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के होटल रेडिसन से कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले सुरक्षा रूट को लेकर पुलिस-प्रशासन और स्थानीय कांग्रेस नेताओं के बीच सहमति नहीं बन पा रही है। तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा का हवाला देते हुए सुझाव दिया कि राहुल गांधी को होटल से विजय नगर, एमआर-10, सुपर कॉरिडोर होते हुए रीजनल पार्क ले जाया जाए। इस प्रस्तावित लंबे रूट पर कांग्रेस पदाधिकारियों ने कड़ा विरोध जताया।
सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की जिम्मेदारी कांग्रेस पर
इससे पूर्व इंदौर एयरपोर्ट पर दिल्ली से आई राहुल गांधी की विशेष सुरक्षा टीम, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के अधिकारियों और स्थानीय कांग्रेस नेताओं के बीच एक अहम प्रशासनिक बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे मौजूद रहे।
