धनबाद : जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। ढांगी बस्ती स्थित चटनियां पुल के सामने जंगल में एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत और सिर कटा शव बरामद किया गया है। नृशंसता की पराकाष्ठा यह रही कि महिला का सिर और धड़ दो अलग-अलग (Dhanbad Crime News) स्थानों पर फेंके गए थे। इसके अतिरिक्त घटनास्थल के पास से अगरबत्ती व अन्य पूजा सामग्री मिलने के कारण स्थानीय स्तर पर कथित नरबलि की आशंका व्यक्त की जा रही है।
Dhanbad Crime News – ढांगी बस्ती निवासी किशोर कुमार महतो शुक्रवार सुबह शौच के लिए जंगल की ओर गया था, जहां उसकी नजर अचानक जमीन पर पड़े एक महिला के पैर पर पड़ी। संदिग्ध स्थिति भांपते हुए उसने ग्रामीणों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने देखा कि एक महिला का शव पड़ा था, जिसका सिर धड़ से अलग था। स्थानीय निवासी आशीष महतो ने तत्काल बलियापुर थाना पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस दल ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और इलाके की घेराबंदी की।
प्लास्टिक के बोरे में मिला सिर, पूजा सामग्री बरामद
पुलिस की प्राथमिक छानबीन में यह बात सामने आई कि मृतका का सिर एक प्लास्टिक के बोरे में बंद था, जबकि उसका धड़ जंगल में कुछ दूरी पर फेंका गया था। घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ अन्य तांत्रिक अनुष्ठान जैसी पूजा सामग्री बरामद होने के बाद ग्रामीणों में यह चर्चा तेज हो गई कि महिला की बलि दी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वह अभी नरबलि की आशंका की पुष्टि नहीं करता है; मामले की वास्तविक सच्चाई फोरेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के उपरांत ही स्पष्ट हो सकेगी।
