नई दिल्ली: अमेरिका में हुए भयावह 9/11 आतंकवादी हमले को आज 25 वर्ष पूरे हो गए हैं। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को नमन करते हुए उनके पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आतंकवाद (25th anniversary of 9/11 terror attack) ने वैश्विक स्तर पर अनगिनत मासूम लोगों की जानें ली हैं।
पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर लिखा कि भीषण 9/11 आतंकी हमले के 25 वर्ष बीत जाने के बाद भी हम सभी पीड़ितों का भावपूर्ण स्मरण व सम्मान करते हैं और उन परिवारों के साथ एकजुटता से खड़े हैं जिनकी जिंदगी त्रासदी ने हमेशा के लिए बदल दी।
25th anniversary of 9/11 terror attack – 11 सितंबर 2001 को आतंकी संगठन अल-कायदा के 19 खूंखार आतंकियों ने अमेरिका के इतिहास के सबसे घातक आतंकी हमले को अंजाम दिया था। आतंकियों ने अमेरिका के 4 घरेलू वाणिज्यिक यात्री विमानों को हवा में ही हाईजैक कर लिया था। आतंकियों ने दो विमानों को न्यूयॉर्क के प्रसिद्ध वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टावर्स से सीधे टकरा दिया, जिसके कुछ ही समय बाद इमारतें भरभराकर जमींदोज हो गईं।
तीसरा अपहृत विमान वर्जीनिया स्थित अमेरिकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय ‘पेंटागन’ से टकराया, जबकि चौथा विमान यात्रियों के जबर्दस्त प्रतिरोध के चलते अपने लक्षित ठिकाने तक नहीं पहुंच सका और पेंसिल्वेनिया के खुले मैदान में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
3,000 मासूमों की गई थी जान
इस नृशंस हमले में अमेरिका सहित विश्व के कई देशों के लगभग 3,000 निर्दोष नागरिकों की दर्दनाक मौत हुई थी। इस पूरे आतंकी षड्यंत्र का मुख्य मास्टरमाइंड अल-कायदा का सरगना ओसामा बिन लादेन था। अमेरिका की विशेष नौसेना सील कमांडो टीम ने मई 2011 में एक गुप्त सैन्य अभियान चलाकर पाकिस्तान के एबटाबाद में छिपे ओसामा बिन लादेन को मार गिराया था।
