मोरिंगा यानी सहजन के आपने भी कई फायदे सुने होंगे, क्योंकि ये कई पोषक तत्वों का खजाना है. मोरिंगा की फलियों से लेकर इसकी पत्तियां भी गुणों से भरपूर होती हैं और इसी वजह से इसका यूज खाने से लेकर ब्यूटी प्रोडक्ट में भी किया जाने लगा है. आप अगर स्किन प्रॉब्लम से निजात पाने के लिए महंगी और केमिकल वाली क्रीम लगा लगाकर थक गए हैं तो एक बार कुछ दिनों तक मोरिंगा का फेस पैक अप्लाई करके देखें. ये आपकी त्वचा में कोलेजन बूस्ट (Moringa for Skin) करने में मदद करेगा. इससे त्वचा की फाइन लाइन, डलनेस और झुर्रियां भी कम होने लगती हैं.
Moringa for Skin – मोरिंगा की पत्तियों में मौजूद तत्व आपकी त्वचा के दाग-धब्बों को दूर करने में भी हेल्पफुल रहते हैं और जिन लोगों को मुंहासे की समस्या ज्यादा रहती है वो भी इसे इस्तेमाल कर सकते हैं. दरअसल ये विटामिन सी का सोर्स होने के अलावा कई बायो एक्टिव कंपाउंड से भी भरपूर है, तो चलिए जान लेते हैं कि मोरिंगा कैसे करता है त्वचा के लिए फायदा और इसे स्किन पर कैसे अप्लाई करें.
त्वचा के लिए वरदान से नहीं कम
पबमेड के मुताबिक, मोरिंगा में वसा अम्ल, फिनोलिक अम्ल, स्टेरोल, ऑक्सालेट, टोकोफेरोल, कैरोटीनॉयड, फ्लेवोनॉयड, फ्लेवनॉल, ग्लाइकोसाइड, टैनिन, टेरपेनॉइड, टेरपिन, सैपोनिन, फाइलेट, एल्कलॉइड, ग्लूकोसिनोलेट, ग्लाइकोसाइड और आइसोथियोसाइनेट सहित कई प्रकार के तत्व पाए जाते हैं. ये बालों के विकास को भी बढ़ावा दे सकते हैं. इसके अलावा मुंहासों को कम करना, दाग-धब्बों को दूर करना, बढ़ती उम्र के लक्षणों को कम करना, घाव भरने में हेल्पफुल होने के साथ ही स्किन इफेक्शन से भी बचाव में हेल्पफुल होता है और ये त्वचा संबंधी विकारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है.
