फरीदाबाद : फरीदाबाद क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम को जघन्य अपराधों के (Faridabad encounter) खिलाफ जारी अभियान में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने हत्या और हत्या के प्रयास के संगीन मामलों में पिछले काफी समय से फरार चल रहे एक शातिर और इनामी आरोपी इंदर त्यागी उर्फ पंडित (निवासी मोल्डबंद) को एक संक्षिप्त लेकिन खतरनाक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, खुद को घिरा देख आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस को भी जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
आरोपी ने पुलिस पर किए 4 राउंड फायर
क्राइम ब्रांच से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, घेराबंदी के दौरान शातिर आरोपी इंदर त्यागी उर्फ पंडित द्वारा पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए करीब 4 राउंड सीधे फायर किए गए। बदमाश की इस अचानक फायरिंग से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस की तरफ से आत्मरक्षा और आरोपी को पकड़ने के लिए नियंत्रित तरीके से जवाबी फायर किया गया, जिसमें एक गोली सीधे आरोपी के पैर में जा लगी। गोली लगते ही बदमाश जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा के बीच तत्काल इलाज के लिए नजदीकी नागरिक (Faridabad encounter) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
