रांची : काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) द्वारा आयोजित ICSE (कक्षा 10वीं) और ISC (कक्षा 12वीं) परीक्षा 2026 के परिणामों में झारखंड ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर अपनी मजबूत शैक्षणिक पहचान को कायम रखा है. राज्य के 100 से अधिक स्कूलों से हर साल की तरह इस वर्ष भी (Jharkhand Board Result) हजारों छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए और परिणाम उम्मीद से बेहतर रहा.
झारखंड में ICSE/ISC बोर्ड की मजबूत उपस्थिति खासतौर पर रांची, जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) और धनबाद जैसे शहरों में देखने को मिलती है. केवल रांची जिले में ही 20 से अधिक स्कूल इस बोर्ड से संबद्ध हैं. जबकि पूरे राज्य में इनकी संख्या 100 से 150 के बीच आंकी जाती है. इन स्कूलों में बिशप वेस्टकोट, लोयोला स्कूल, नरभेराम हंसराज, सेंट थॉमस और सेवेंथ डे एडवेंटिस्ट, सेंट जेवियर स्कूल, लोरेटो स्कूल, बिशप स्कॉट जैसे प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं, जो हर साल उत्कृष्ट परिणाम के लिए जाने जाते हैं.
इसे भी पढ़ें – अब डिजिटल होगा आपका जन्म प्रमाण पत्र! वेरिफिकेशन कराएं और पाएं बारकोड वाला नया सर्टिफिकेट
इस वर्ष जारी परिणामों के अनुसार, ICSE (10वीं) परीक्षा में झारखंड से कुल 16,693 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें 8,696 लड़के और 7,997 लड़कियां थीं. इस परीक्षा में कुल 99.02 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे. वहीं, ISC (12वीं) परीक्षा में 4,858 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 2,333 लड़के और 2,525 लड़कियां शामिल थीं. ISC परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 99.14 दर्ज किया गया, जो राज्य के बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन को दर्शाता है.
लड़कियों ने फिर मारी बाजी
हर साल की तरह इस बार भी लड़कियों ने लड़कों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है. ICSE परीक्षा में लड़कियों का पास प्रतिशत 99.17 रहा, जबकि लड़कों का 98.88 प्रतिशत दर्ज किया गया. इसी प्रकार ISC परीक्षा में लड़कियों का पास प्रतिशत 99.33 प्रतिशत रहा, जबकि लड़कों का 98.93 प्रतिशत रहा. यह आंकड़े राज्य में बेटियों की (Jharkhand Board Result) शिक्षा में बढ़ती भागीदारी और सफलता को रेखांकित करते हैं.


