
जांच करती पुलिस।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हरियाणा के हिसार के नई अनाज मंडी में किराए पर रहने वाले एक ही परिवार के चार लोगों की खाना खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई। उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जिसमें ट्रैक्टर चालक संसार, संतोष को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। संतोष की बेटी आंचल व आंचल के दो माह के बच्चे सूरज की मौत हो गई। दोनों शवों को नागरिक अस्पताल में रखा गया है।वहीं खाने में जहरीला पदार्थ मिले होने की भी आशंका जताई जा रही है, जिसके प्रभाव के कारण तबीयब खराब हुई।
जानकारी के अनुसार संतोष कुछ समय से 36 वर्षीय संसार के साथ लिव इन रिलेशन में रह रही थी। 40 साल की संतोष की बेटी आंचल की भी शादी हो चुकी है। आंचल का तीन माह का बेटा है। यह सभी अनाज मंडी में 40 नंबर दुकान पर किराए पर रह रहे थे। संसार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शुक्रवार को उसने, संतोष ,आंचल ने दाल चावल खाया था।
शाम के समय रोटी के साथ दाल खाई थी। जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। जिस पर संसार ने अपने सेठ को फोन किया। सुबह यह सभी नागरिक अस्पताल में पहुंचे। जहां आंचल व तीन माह के बच्चे को मृत घोषित कर दिया। संसार तथा संतोष को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
आंचल के पति धर्मबीर ने बताया कि जींद के कलोदा का रहने वाला है। धर्मबीर ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी व बच्चे को जहर दिया गया है। पिछले दो महीने से आंचल अपने मायके में रह रही थी। धर्मबीर ने आरोप लगाया कि संसार व संतोष ने जहरीला पदार्थ दिया है। अग्रोहा पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।