Advertisement

रोष: खाद के लिए कतार में लगा किसान हुआ बेहोश

0
19
  • गुस्साए किसानों ने कर दी सड़क जाम
  • भीड़ में किसी अराजक तत्व ने एसडीएम पर मारा पत्थर

ललितपुर। खाद भंडार के बाहर अपनी बारी का इंतजार कर रहा एक किसान बेहोश हो गया। जिसके चलते गुस्से में किसानों ने सड़कों पर जाम लगा दिया और यातायात व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हुई।

लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। इसी बीच एसडीएम पहुंचे तो किसी आक्रोशित ने पत्थर मार दिया, जिससे उन्हें चोट आई। गनीमत रही कि वह गंभीर रूप से घायल नही हुए। पूरे दिन खाद को लेकर हाहाकार मचा रहा।

मामला है कि शनिवार को पाली तहसील के गांव गौना में साधन सहकारी समिति पर खाद लेने के लिए सुबह से ही कई किसान पहुंच गए थे। जिसके चलते यहां किसानों की लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं।

सभी में ब होड़ लगी हुई थी कि पहले उनकी बारी आ जाए। इसी दौरान डोंगराखुर्द निवासी किसान आनंदी लाल साहू भी यहां पहुंचे थे। घंटों इंतजार करने के बाद भी उनकी बारी नही आई। जिसके चलते उनकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए।

इससे हड़कंप मच गया। वहां कुछ किसानों ने उन्हें उठाया और पानी पिलाया, काफी समय बाद उनकी हालत में सुधार आया। वहीं, महरौनी में खाद न मिलने से आक्रोशित किसानों ने जाम लगा दिया।

किसानों ने नारेबाजी की और लगभग आठ घंटे तक सड़क के यातायात रोके। जिससे आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। सारा दिन अफसर किसानों को समझाने में लगे रहे। लेकिन, किसान नहीं माने।

इसी दौरान तकरीबन शाम छह बजे एसडीएम मोहम्मद कमर को भीड़ में से किसी अराजक तत्व ने पत्थर मार दिया, जो सीधा उनके सिर पर लगा। इससे उन्हें चोट आ गई।

इसके बाद मौके पर भगदड़ मच गई। घटनास्थल पर मौजूद अफसरों ने धैर्य से काम लिया। और उनके समझाने पर शाम साढ़े छह बजे जाम खुल गया।

शहर के इलाइट चौराहे पर भी खाद न मिलने से गुस्से में किसानों ने दोपहर में सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं।

किसान घंटों अड़े रहे, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था बुरी तरह से ठप हो गयी। गांवों से लेकर शहर तक में दिन भर खाद को लेकर मारामारी की स्थिति बनी रही।