धमतरी : छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के पश्चात पहली बार डॉ. ममता साहू धमतरी जिले के प्रवास पर पहुंचीं। अपने इस दौरे के दौरान उन्होंने जिले में महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाओं और संकटग्रस्त व पीड़ित महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न शासकीय व्यवस्थाओं का जमीनी जायजा लिया। उन्होंने (DR Mamta Sahu Reached Dhamtari) जिला चिकित्सालय के साथ-साथ सखी वन स्टॉप सेंटर (Sakhi One Stop Centre) का गहन निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की तथा डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और उपचाररत मरीजों से सीधा संवाद स्थापित किया।

इसे भी पढ़ें – महतारी वंदन योजना के तहत फॉर्म भरने के बाद भी नहीं मिली पहली किस्त, MCB जिले की महिलाओं का फूटा गुस्सा

 DR Mamta Sahu Reached Dhamtari – जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान डॉ. ममता साहू ने विशेष रूप से प्रसूति गृह (Maternity Ward), नवजात शिशु वार्ड और प्री-मैच्योर (समय से पूर्व जन्मे) बच्चों के लिए तैयार किए गए विशेष नवजात देखरेख इकाई का अवलोकन किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में इस समय 24 प्री-मैच्योर बच्चों का विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उपचार चल रहा है। उन्होंने इन बच्चों के लिए उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, डॉक्टरों की उपस्थिति, जीवनरक्षक उपकरणों, एंबुलेंस व्यवस्था तथा संपूर्ण उपचार प्रणाली की विस्तृत जानकारी ली।

 मरीजों और परिजनों से किया सीधा संवाद 

डॉ. ममता साहू ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से आत्मीय बातचीत कर मिलने वाले इलाज और सुविधाओं की प्रतिक्रिया ली। मरीजों ने अध्यक्ष को स्पष्ट रूप से बताया कि अस्पताल प्रबंधन या डॉक्टरों द्वारा उनसे किसी भी प्रकार के अनधिकृत पैसे या शुल्क की मांग नहीं की गई है। इस पर उन्होंने गहरा संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि शासकीय अस्पतालों के प्रति आम मरीजों का विश्वास बना रहना ही हमारी पहली प्राथमिकता है।

Share.
Exit mobile version