दतिया: मध्य प्रदेश विधानसभा उपचुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद भी पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा लगातार चुनावी मैदान में सक्रिय हैं। हाल ही में दूसरी बार दतिया पहुंचे डॉ. मिश्रा ने भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक ली। इस दौरान उन्होंने संगठन के साथ पूरी मजबूती से खड़े रहने का स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने साफ कहा कि नाराजगी भाजपा से नहीं, बल्कि कांग्रेस से राजनीतिक मुकाबले में दिखाई जानी चाहिए।
‘किसी में हिम्मत नहीं है जो मेरे कार्यकर्ताओं का नुकसान कर दे’
दतिया पहुंचे पूर्व गृहमंत्री ने भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भावुक अंदाज में कहा कि मंच पर कार्यकर्ताओं की भावनाएं देखकर वे भी भावुक हो गए थे, लेकिन अब समय संगठन को मजबूत करने का है। अपने संबोधन में डॉ. मिश्रा ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि वे हमेशा अपने साथियों के साथ खड़े रहे हैं और आगे भी रहेंगे। उन्होंने प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए दो टूक कहा, “यदि किसी कार्यकर्ता के साथ अन्याय हुआ या प्रशासनिक कार्रवाई की गई तो मैं उसके साथ मजबूती से खड़ा रहूंगा। किसी में हिम्मत नहीं है जो मेरे कार्यकर्ताओं का नुकसान कर दे।”
पीतांबरा माई की शपथ दिलाकर दिलाया जीत का संकल्प
उन्होंने कहा कि भाजपा से किसी तरह की नाराजगी नहीं है और सभी कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरना होगा। डॉ. मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस को हराने और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से जिताने की अपील की। इसके साथ ही, उन्होंने पीतांबरा माई की शपथ दिलाते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर भाजपा के पक्ष में मतदान कराने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीतिक जवाब अपनों को नहीं, बल्कि कांग्रेस को देना है।
BJP प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी बढ़ाया मनोबल
बैठक में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने भी मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि किसी कार्यकर्ता को प्रशासनिक कार्रवाई के कारण कोई परेशानी होती है, तो वे हर परिस्थिति में उसके साथ ढाल बनकर खड़े रहेंगे। कार्यकर्ताओं के सम्मान से किसी भी कीमत पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
दतिया में BJP के लिए पूरी ताकत झोंक रहे नरोत्तम मिश्रा
पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का यह दौरा इस बात का साफ संकेत देता है कि टिकट नहीं मिलने के बावजूद वे दतिया उपचुनाव में भाजपा के लिए पूरी ताकत से मैदान में डटे हुए हैं। कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने, कांग्रेस के खिलाफ माहौल बनाने और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति के तहत उनकी यह सक्रियता अब लगातार बढ़ती हुई नजर आ रही है।


