खंडवा : पवित्र तीर्थ ओंकारेश्वर स्थित एकात्म धाम में प्रस्तावित भव्य पंचायतन मंदिर का विधिवत भूमिपूजन गुरुवार सुबह लगभग 8 बजे शुभ मुहूर्त में संपन्न हुआ। प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (bhoomipujan of panchayatan temple) अपनी धर्मपत्नी के साथ इस पावन धार्मिक अनुष्ठान में सम्मिलित हुए और शिलान्यास किया।
सनातन परंपरा में पंचायतन मंदिर को विभिन्न भक्ति और उपासना शैलियों के एकात्म व सामंजस्य का सर्वोच्च प्रतीक माना जाता है।मंदिर के मुख्य गर्भगृह के केंद्र में देवाधिदेव महादेव भगवान शिव विराजित होंगे, जबकि उनके साथ चारों कोणों पर भगवान गणेश, भगवान श्रीहरि विष्णु, भगवान सूर्यदेव और आदिशक्ति मां भगवती देवी की पंचायतन स्वरूप में स्थापना की जाएगी।
bhoomipujan of panchayatan temple – आचार्य शंकर स्मृति को समर्पित यह मंदिर पारंपरिक भारतीय नागर शैली के अनुपम स्थापत्य पर आधारित होगा। मंदिर निर्माण में राजस्थान के विश्वप्रसिद्ध बंशी पहाड़पुर के उत्कृष्ट गुलाबी बलुआ पत्थरों का उपयोग किया जाएगा।अनुपम नक्काशी और प्राचीन भारतीय वास्तुकला से सुसज्जित यह मंदिर धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय स्थापत्य कला एवं सांस्कृतिक वैभव का प्रमुख वैश्विक केंद्र बनेगा।
