लखनऊ में कैफे संचालक शिवा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में आखिरकार पुलिस को एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है और तीनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. 20 अक्टूबर को लखनऊ पुलिस, यूपी एसटीएफ (UP STF) और नागपुर पुलिस की एक संयुक्त कार्रवाई के तहत मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी (model shraddha dubey arrested) बहन रश्मि और उनके ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश को धर दबोचा गया.
model shraddha dubey arrested – उत्तर प्रदेश के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य संदिग्ध श्रद्धा दुबे गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी पहचान छिपाने के तमाम हथकंडे अपना रही थी. वह पुलिस से बचने के लिए बुर्का पहनकर रहती थी, मोबाइल फोन और अन्य संचार माध्यमों का बहुत कम इस्तेमाल करती थी और लोगों से अपना संपर्क भी पूरी तरह सीमित रखती थी.
पुलिस जाँच में यह भी सामने आया है कि श्रद्धा कम निगरानी वाले छोटे-छोटे होटलों में ठहरती थी जहाँ पुलिस की नजर आसानी से न पड़े. अधिकारियों को इस बात का भी संदेह है कि वह अपनी तलाश से एजेंसियों का ध्यान भटकाने के लिए नेपाल भी गई थी और बाद में वापस लौटी थी. इन तीनों आरोपियों पर 50,000-50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था, और अब इन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया जा रहा है जहाँ पुलिस इनसे कड़ाई से पूछताछ करेगी.
9 अक्टूबर को अपार्टमेंट की बालकनी से गिरकर हुई थी मौत
ज्ञात हो कि 28 वर्षीय कैफे संचालक शिवा शर्मा की गत 9 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके के बालू अड्डा स्थित एक अपार्टमेंट की बालकनी से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने से मौत हो गई थी. घटना के दिन से ही उनकी कथित लिव-इन पार्टनर श्रद्धा दुबे और अन्य आरोपी फरार चल रहे थे. शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा दुबे और अन्य के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर हजरतगंज पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था.


