उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कुरतरा गांव में घर के अंदर सो रहे एक दिव्यांग शख्स की गला दबाकर निर्मम हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक की पहचान 45 वर्षीय दीपचंद्र सक्सेना के रूप में हुई है. पीड़ित परिवार की ओर से इस हत्या के पीछे मुख्य वजह संपत्ति और (Bareilly Murder News) जमीन (खेत) का पुराना विवाद बताया जा रहा है. मृतक के छोटे भाई की पत्नी ने अपने ही दूसरे देवर पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी बताए जा रहे भाई समेत कुल चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
Bareilly Murder News – घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मृतक के छोटे भाई सुधीर की पत्नी पूजा ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह दीपचंद्र के कमरे में चाय देने के लिए गई थीं. कमरे के अंदर जब उन्होंने दीपचंद्र को किसी भी तरह की हरकत करते नहीं देखा, तो उन्होंने आवाज लगाई, लेकिन कई बार पुकारने और हिलाने-डुलाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उनकी चीख निकल गई. उनकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए.
दो बीघा खेत को लेकर चल रहा था पुराना विवाद
मृतक की भाभी पूजा ने पुलिस को बताया कि दीपचंद्र ने कुछ समय पहले ही अपना गिरवी रखा हुआ दो बीघा खेत छुड़ाया था और दोबारा से उसमें खेती-किसानी करने लगे थे. आरोप है कि इसी बात को लेकर उनके छोटे भाई सतीश के साथ उनका लगातार विवाद चल रहा था, क्योंकि सतीश उस खेत में अपना हिस्सा मांग रहा था. पूजा के अनुसार, पिछले साल भी इसी खेत के विवाद को लेकर सतीश ने दीपचंद्र के साथ मारपीट की थी, जिसकी थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी. परिवार का साफ आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया है.


