सबसे पॉपुलर इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप को लेकर अब नई जानकारी सामने आई है, रिपोर्ट्स की माने तो अब कंपनी खुद के क्लाउड बैकअप सिस्टम लाने पर काम कर रही है. कंपनी के इस कदम से Google Drive और iCloud पर लंबे समय से चली आ रही निर्भरता को खत्म करना है. अगर व्हाट्सऐप का खुद का क्लाउड स्टोरेज सिस्टम आया (WhatsApp Cloud Storage) तो आपकी चैट्स और बाकी सब जरूरी चीजें कंपनी के खुद के क्लाउस स्टोरेज सिस्टम पर स्टोर करने की सुविधा मिलेगी.
इससे उन लोगों को फायदा होगा जिनका फ्री क्लाउड स्टोरेज अक्सर खत्म हो जाता है. इस नए स्टोरेज सिस्टम के साथ, WhatsApp की योजना यूजर्स को यह विकल्प देने की है कि वह भविष्य में या तो कंपनी के क्लाउड बैकअप प्रोवाइडर का इस्तेमाल करें या फिर Google Drive और iCloud जैसी थर्ड-पार्टी सेवाओं का ही इस्तेमाल करते रहें.
WhatsApp Cloud Storage: फ्री या पेड?
व्हाट्सऐप डेवलपमेंट पर नजर रखने वाली साइट WABetaInfo की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी एक ऐसे फ़ीचर की टेस्टिंग कर रही है जिससे Android यूजर्स बैकअप के लिए Google Drive और WhatsApp के अपने क्लाउड स्टोरेज ऑप्शन में से किसी एक को चुन सकेंगे.
रिपोर्ट में शेयर किए गए स्क्रीनशॉट्स से पता चलता है कि व्हाट्सऐप क्लाउड स्टोरेज सर्विस के तहत बैकअप के लिए 2GB तक फ़्री स्टोरेज का फायदा मिलेगा और लगभग 50GB का एक पेड स्टोरेज प्लान भी होगा जिसकी कीमत लगभग $0.99 (लगभग 94 रुपए) प्रति माह होगी.

