मुर्शिदाबाद : जिले के फरक्का थाना क्षेत्र अंतर्गत बेनियाग्राम इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ दुल्हन के घर बारात आ चुकी थी, मेहमानों की चहल-पहल थी और रस्में शुरू होने वाली थीं, लेकिन तभी अचानक पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने विवाह समारोह को तत्काल रुकवाते हुए नाबालिग लड़की से (West Bengal Child Marriage) विवाह रचाने आए दूल्हे को मंडप से ही गिरफ्तार कर लिया। इस औचक पुलिसिया कार्रवाई से पूरे विवाह स्थल और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
उम्र की पुष्टि होते ही रुकवाया विवाह
यह घटना 10 सितंबर की है, जहाँ बेनियाग्राम में एक युवक का विवाह नाबालिग किशोरी के साथ तय किया गया था। विवाह के दिन तय समय पर दूल्हा बारात लेकर पहुंच गया था, किंतु गुप्त सूत्र से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत समारोह स्थल पर छापा मारा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर लड़की के जन्म संबंधी दस्तावेजों की जांच की, जिसमें उसके नाबालिग होने की पुष्टि हुई।शादी की रस्में तुरंत रुकवा दी गईं और दूल्हे को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया गया।
48 घंटे में बाल विवाह का दूसरा मामला
पुलिस इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि इस गैरकानूनी विवाह को तय कराने और आयोजित करने में कौन-कौन से बिचौलिए व रिश्तेदार शामिल थे। इससे ठीक एक दिन पूर्व, यानी 9 सितंबर को भी मुर्शिदाबाद पुलिस ने गाजीनगर में एक 16 वर्षीय किशोरी का बाल विवाह समय रहते रुकवाया था। 9 सितंबर के मामले में निकाह पढ़ाने वाले काजी सहित विवाह में शामिल अन्य लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई (West Bengal Child Marriage) और लड़की के पिता को गिरफ्तार किया गया।


