मुंबई: ‘बिग बॉस 20’ के घर में सत्ता, साख और साजिशों का महामुकाबला शुरू हो चुका है। पहले ही हफ्ते में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला जिसने दर्शकों को स्क्रीन से बांध दिया। शुरुआती दिनों में एक-दूसरे को समझने और तोलने के बाद पहले कैप्टेंसी टास्क ने सभी कंटेस्टेंट्स के असली रंग उजागर कर दिए। जहां घर को सीजन का (war begins in house of bigg boss) पहला कैप्टन मिल गया, वहीं पिछले 20 वर्षों के ऐतिहासिक सफर की यादों ने घर के बड़े-बड़े सितारों को बच्चों की तरह भावुक कर दिया।
war begins in house of bigg boss – पहले हफ्ते की कप्तानी की दौड़ में तीन मुख्य दावेदार—रैपर यंग डीएसए, आसिफ खान और रोडीज फेम गुल्लू (कुशाल तंवर) आमने-सामने थे। इस मुकाबले के दौरान घर में जबरदस्त गुटबाजी नजर आई, जहां गेमर स्काउट ने मेल कंटेस्टेंट्स को एकजुट कर अलग मोर्चा बनाने का प्रयास किया।
कनिका मान से तकरार और यंग डीएसए की जीत
टास्क के दौरान टीवी एक्ट्रेस कनिका मान और रैपर यंग डीएसए के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कनिका ने स्पष्ट किया कि खेल के दौरान वे कोई दोस्ती नहीं निभाएंगी और समीकरण बदलते ही यंग को आईना दिखा दिया। कांटे की टक्कर में अन्य दावेदारों को पछाड़कर यंग डीएसए इस ऐतिहासिक सीजन के पहले कैप्टन बनने में सफल रहे। कप्तानी संभालते ही यंग ने कड़ा रुख अपनाया और पहला निशाना सीधे कनिका मान को बनाया। उन्होंने कनिका की एक लाइफलाइन छीन ली, जो पहले से नॉमिनेशन का खतरा झेल रहीं कनिका के लिए बड़ा झटका साबित हुआ।
काजी तौकीर का हाई-वोल्टेज ड्रामा
टास्क के दौरान काजी तौकीर का आक्रामक रूप देखने को मिला। उन्होंने आसिफ की तस्वीर की ओर इशारा करते हुए तल्ख अंदाज में कहा कि उनकी बराबरी करने में 100 जन्म लग जाएंगे। काजी के तेवर देखकर घरवालों ने रीति तिवारी को उनके पास जाने और चाय बनाने से रोक दिया। इसके बाद काजी कैमरे के सामने चीखते हुए बिग बॉस से बात कराने की जिद करने लगे और तबीयत बिगड़ने का दावा किया।


