मैहर : मध्य प्रदेश के मां शारदा मंदिर मैहर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है. चैत्र नवरात्रि से पहले मंदिर तक पहुंचने वाला रोपवे (उड़नखटोला) 10 दिनों (ropeway will remain closed) के लिए बंद किया जा रहा है. प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 5 मार्च 2026 से 14 मार्च 2026 तक रोपवे का संचालन पूरी तरह से स्थगित रहेगा.
इस वजह से बंद रहेगा मैहर में रोपवे
हर वर्ष चैत्र नवरात्रि के दौरान मैहर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में रोपवे पर भी काफी दबाव रहता है. इसी को ध्यान में रखते हुए रोपवे का आवश्यक मेंटेनेंस और तकनीकी निरीक्षण कराया जाएगा, जिससे नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुचारु सेवा मिल सके.
सुरक्षा के मद्देनजर किया जाएगा मेंटेनेंस
मामले को लेकर मैहर एसडीएम दिव्या पटेल ने बताया, ” श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है. इसी कारण रोपवे के सभी तकनीकी उपकरणों, केबल, ट्रॉली और अन्य व्यवस्थाओं की गहन जांच और मरम्मत का कार्य कराया जाएगा. यह कार्य लगभग 10 दिनों तक चलेगा.” प्रशासन का कहना है कि नवरात्रि के दौरान लाखों श्रद्धालु मैहर पहुंचते हैं, इसलिए रोपवे का पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित होना जरूरी है।
सीढ़ियों के रास्ते से ही पहुंचना होगा मंदिर
रोपवे बंद रहने के दौरान श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने के लिए पारंपरिक सीढ़ियों वाले मार्ग का ही सहारा लेना होगा. त्रिकूट पर्वत पर स्थित मां शारदा मंदिर तक पहुंचने के लिए भक्तों को करीब 1000 से अधिक (ropeway will remain closed) सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं. हालांकि, मंदिर प्रबंधन द्वारा सीढ़ियों के मार्ग पर पेयजल, विश्राम स्थल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था बनाए रखने की बात कही गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो.
