अगर आपकी डाइट में अंडा रोजाना शामिल है, तो आने वाले दिनों में इसका सीधा असर आपकी जेब पर भी पड़ सकता है। देश के कई हिस्सों में अंडों की कीमत लगातार बढ़ रही है और खुदरा बाजार में एक अंडा 8.5 से 9 रुपये तक बिक रहा है। पोल्ट्री उद्योग (Poultry Industry) का कहना है कि मुर्गियों के चारे (पोल्ट्री फीड) की बढ़ती (Egg Price Hike) लागत ने उत्पादन खर्च को काफी बढ़ा दिया है, जिसका सीधा असर अब बाजार की कीमतों पर दिख रहा है।
पोल्ट्री फीड महंगा होने से बढ़ी उत्पादन लागत
पोल्ट्री कंपनियों के मुताबिक, मुर्गियों के चारे में इस्तेमाल होने वाले मक्का, सोयाबीन खली और अन्य जरूरी आयातित फीड सामग्री के दाम पिछले कुछ महीनों में तेजी से बढ़े हैं। पश्चिम एशिया (Egg Price Hike) में जारी तनाव के कारण सप्लाई चेन बुरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे कई कच्चे माल की उपलब्धता घट गई है और लागत में भारी उछाल आया है।
मक्का और सोयाबीन की कीमतों में भारी तेजी
नेशनल एग कोऑर्डिनेशन कमेटी (NECC) के आंकड़ों के अनुसार, हैदराबाद में अंडों की एक्स-फार्म कीमत पिछले एक महीने में करीब 15% और पिछले साल की तुलना में लगभग 40% बढ़ गई है। उद्योग के अनुसार, मुर्गियों के चारे का करीब 55% हिस्सा मक्का होता है, जिसकी कीमत मार्च के बाद से 35% से अधिक बढ़ चुकी है। वहीं, लगभग 22% हिस्सेदारी रखने वाली सोयाबीन खली 64% से ज्यादा महंगी हो गई है। इसके अलावा, फीड में इस्तेमाल होने वाले आवश्यक एमिनो एसिड की कीमतें भी मार्च के बाद लगभग 3.5 गुना तक बढ़ चुकी हैं।
