दुमका : जिले के गोपीकांदर थाना क्षेत्र में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक घिनौनी वारदात सामने आई है। यहां 23 साल की एक विवाहित महिला के साथ कथित तौर पर दो लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला दर्ज हुआ है, जिसमें महिला का अपना जीजा भी शामिल है। यह शर्मनाक घटना बुधवार शाम गोपीकांदर थाना क्षेत्र अंतर्गत (Dumka Crime News) आने वाले खजूरडंगल के घने जंगल में अंजाम दी गई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए घेराबंदी शुरू कर दी है।
Dumka Crime News – प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी जीजा ने किसी बहाने से पीड़िता को खजूरडंगल जंगल के पास बुलाया था। पीड़िता जब वहां पहुंची, तो उसके जीजा और उसके साथ मौजूद एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने उसे जबरन जंगल के भीतर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी पीड़िता को बेसुध हालत में वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता अपने मायके पहुंची और रोते हुए अपनी मां को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों ने बिना देर किए थाने में पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई।
गोपीकांदर पुलिस ने दर्ज किया केस
गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित भगत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़िता और परिजनों की तहरीर पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। वारदात के बाद से दोनों नामजद व अज्ञात आरोपी अपने ठिकानों से फरार हैं। पुलिस ने उनकी धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों को बहुत जल्द सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।


