गिरिडीह : जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत गोलगो पंचायत के पहाड़पुर गांव में प्रेम प्रसंग के चलते हुए जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश करने के बेहद करीब पुलिस पहुंच गई है। पुलिस की (Giridih Murder Case) विशेष जांच टीम और रांची से आई फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) की टीम ने घटनास्थल का सघन मुआयना कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए धारदार हथियार भी बरामद कर लिए हैं।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को 16 वर्षीय किशोर का क्षत-विक्षत शव जमीन से बरामद हुआ था, जिसके बाद से पुलिस और FSL की टीम लगातार कैंप कर रही है। शुक्रवार देर रात तक छानबीन के बाद शनिवार को संयुक्त टीम ने आरोपी के उस विशेष कमरे को बारीकी से खंगाला, जहां किशोर को मौत के घाट उतारा गया था।
‘दृश्यम’ फिल्म की तर्ज पर रची गई खौफनाक साजिश
हिरासत में लिए गए कथित प्रेमिका, उसके पिता जगदीश दास, मां और भाभी लगातार पुलिस को गुमराह करने और अपराध में हाथ होने से इनकार करते रहे। शनिवार को जब फॉरेंसिक टीम को ठोस सबूत मिले, तो पुलिस कथित प्रेमिका को दोबारा घटनास्थल पर लेकर गई। सबूतों के सामने आने पर वह टूट गई और अहम जानकारियां दीं।
क्या है पूरा मामला
बिहार के जमुई जिले के चकाई अंतर्गत बिचकोड़वा थाना (Giridih Murder Case) क्षेत्र के मोरियाडीह निवासी 16 वर्षीय मिथुन कुमार दास के रूप में हुई।परिजनों के अनुसार, मिथुन का प्रेम संबंध पहाड़पुर निवासी जगदीश दास की पुत्री से था। आरोप है कि सोची-समझी साजिश के तहत किशोर को घर बुलाया गया और उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मृतक के पिता मथुरा रविदास के लिखित बयान पर बेंगाबाद थाने में 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।


