सहारनपुर : सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को सहारनपुर पहुंचे। उन्हाेंने पहले सहारनपुर मंडल के गठबन्धन जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उसके बाद मंडलीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों पर समीक्षा की। उन्होने स्मार्ट सिटी की लगभग 381 करोड़ की 15 योजनाओं का (CM Yogi reached Saharanpur) लोकार्पण भी किया।

सीएम याेगी लखनऊ से सरसावा एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से उन्हें हेलिकाप्टर से पुलिस लाइन में बने हेलीपैड पर उतरना था, लेकिन पानी भरने के चलते वे सड़क मार्ग से सर्किट हाउस पहुंचे। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने गोगा जी महाड़ी पर पूजन किया और वहीं स्थित नवनिर्मित अमृत सरोवर का उद्घाटन किया। वहां से मुख्यमन्त्री सीधे जनमंच सभागार पहुंचे। जहां पहुंचकर उन्होने स्मार्ट सिटी की लगभग 381 करोड़ की 15 योजनाओं का लोकार्पण किया।

 CM Yogi reached Saharanpur – मुख्यमंत्री योगी ने जनमंच कार्यक्रम में जनता को सम्बोधित करते हुए स्वदेशी उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया। कहा कि स्थानीय और देशी वस्तुओं की बिक्री को बढ़ावा देना प्रदेश के आर्थिक विकास में सहायक होगा। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं और व्यापारियों से अपील की कि वे स्वदेशी वस्तुओं का अधिक से अधिक उपयोग करें और इनके प्रचार-प्रसार में योगदान दें। रक्षाबंधन के त्यौहार को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की, 8, 9 और 10 अगस्त को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में महिलाएं नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने इसी दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि 13, 14 और 15 अगस्त को प्रदेश का हर नागरिक अपने घर, दुकान और संस्थान पर तिरंगा फहराए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगे के सम्मान में इन तीन दिनों तक प्रदेश में तिरंगा रैली भी आयोजित की जाएंगी, जिसमें आम जनता, छात्र-छात्राएं, व्यापारी, संस्थान और स्वयंसेवी संगठन भाग लेंगे।

Share.
Exit mobile version