उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में करहल सीट से अखिलेश यादव के खिलाफ एसपी सिंह बघेल को उतारने के बाद भाजपा ने इटावा की जसवंतनगर सीट से विवेक शाक्य को टिकट दिया है। इस सीट से युवा नेता विवेक शाक्य अखिलेश के चाचा और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को टक्कर देंगे।
विवेक शाक्य जसवंतनगर विधानसभा के नगला भिखन, पोस्ट मलाजनी के रहने वाले हैं। उनके पिता मनोज शाक्य इटावा के जाने माने समाजसेवी हैं। यही नहीं, विवेक 2012 से लगातार भाजपा के साथ जुड़े हुए हैं और इस दौरान मोदी सरकार के साथ योगी सरकार की योजनाओं को लेकर जनजागरण का काम भी किया है।
अखिलेश के खिलाफ पर्चा भरते ही एसपी सिंह बघेल की हुंकार
करहल सीट से अखिलेश यादव के खिलाफ नामांकन दाखिल करने वाले केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता एसपी सिंह बघेल ने भरोसा जताया है कि वह सपा के गढ़ में इसके अध्यक्ष के खिलाफ जीत हासिल करने में कामयाब रहेंगे। केंद्रीय कानून राज्य मंत्री बघेल ने पर्चा दाखिल करने के बाद कहा कि अमेठी और कन्नौज का किला भी ढहते हुए देखा है और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी चुनाव हार गईं थीं। अचानक इस तरह बिना किसी ऐलान उनके करहल से पर्चा दाखिल करने को लेकर जब मीडिया ने सवाल किया तो बघेल ने हंसते हुए कहा कि वह मिलिट्री साइंस के प्रोफेसर हैं और युद्ध में सरप्राइज का बहुत महत्व होता है।