छतरपुर : सागर जिले में जहरीली शराब के सेवन से हुई जनहानि के बाद छतरपुर जिला प्रशासन और पुलिस तंत्र पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और (attack on illegal liquo traders) अंतरराज्यीय तस्करी पर लगाम लगाने के लिए आबकारी विभाग एवं पुलिस ने संयुक्त रूप से व्यापक अभियान शुरू किया है।
attack on illegal liquo traders – छतरपुर जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर स्थित बिजावर और उसके सीमावर्ती इलाकों में आबकारी विभाग ने सघन छापेमारी की। निर्माण स्थलों पर सक्रिय 20 से अधिक अवैध शराब की भट्ठियों को मौके पर ही तोड़कर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।मौके से भारी मात्रा में अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला गुड़ और महुआ लाहन बरामद कर विनिष्ट किया गया।
जमीन और रसोई में छिपाई गई थी अवैध मदिरा
आबकारी अधिकारी अमृता जैन ने बताया कि बिजावर क्षेत्र के ग्राम कंजरपुर, भरगावा सहित अन्य संदिग्ध ठिकानों पर कच्ची शराब के निर्माण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। मौके से करीब 17 क्विंटल (किलो) महुआ लाहन बरामद किया गया, जिसका उपयोग कच्ची शराब तैयार करने के लिए किया जा रहा था। तस्करों ने शराब और निर्माण सामग्री को जमीन खोदकर नीचे तथा घरों की रसोइयों के भीतर छिपा रखा था, जिसे टीम ने जब्त कर सुरक्षित तरीके से नष्ट करवाया।
जिले में अब तक 82 मुकदमे दर्ज
छतरपुर पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने स्पष्ट किया कि सागर की घटना के बाद से पूरे जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। उत्तर प्रदेश सीमा से सटे हरपालपुर, नौगांव, गौरिहार सहित सभी संवेदनशील रास्तों और नाकों पर पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है, ताकि तस्करी पर पूर्ण विराम लगाया जा सके। जिले के विभिन्न थानों में अवैध शराब के परिवहन, निर्माण व बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 82 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।
