जींद : एशियन गेम्स 2026 में हरियाणा की बेटियों का शानदार प्रदर्शन निरंतर जारी है और वे वैश्विक मंच पर देश का मान बढ़ा रही हैं। इसी कड़ी में जींद जिले के संगतपुरा गांव की होनहार बेटी नीरू ढांढा ने ट्रैप शूटिंग (Trap Shooting) में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। नीरू के इस सटीक निशाने की बदौलत (Asian Games 2026) भारत की झोली में एशियन गेम्स 2026 का 5वां गोल्ड मेडल आ गया है।
Asian Games 2026 – नीरू की इस स्वर्णिम सफलता की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव संगतपुरा सहित संपूर्ण जींद जिले और प्रदेश भर में उत्सव जैसा माहौल बन गया है। बेटी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद परिवार को लगातार बधाई देने के लिए फोन आ रहे हैं तथा सोशल मीडिया पर भी देशवासी उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कर रहे हैं।
साधारण किसान परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक
नीरू ढांढा एक अत्यंत साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखती हैं। आर्थिक और भौतिक संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने कभी अपने हौसले को टूटने नहीं दिया और शूटिंग के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। वर्ष 2019 में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के उपरांत नीरू ने अपना पूरा ध्यान निशानेबाजी के खेल पर ही केंद्रित कर दिया था। निरंतर घंटों अभ्यास, कड़े अनुशासन और प्रतिभा के बल पर आज उन्होंने अंतरराष्ट्रीय खेल पटल पर तिरंगा लहराकर अपने परिवार और पूरे राष्ट्र को गौरवान्वित किया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी बधाई
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निशानेबाज नीरू ढांढा को इस ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा, “आज हरियाणा की बेटी ने पूरे देश का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया है! एशियन गेम्स 2026 में जींद की नीरू ढांढा ने ट्रैप शूटिंग में अपने सटीक निशाने से स्वर्ण पदक जीतकर भारत का मान बढ़ाया है। नीरू की वर्षों की मेहनत, अनुशासन और अटूट समर्पण का यह गोल्ड मेडल उनकी स्वर्णिम सफलता का प्रतीक है। बिटिया नीरू को इस उपलब्धि पर ढेरों शुभकामनाएं।”


