पलवल: होडल स्थित नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों की सुरक्षा को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल में प्रसव (डिलीवरी) के बाद भर्ती एक 26 वर्षीय महिला मरीज के साथ अस्पताल में ही तैनात वार्ड ब्वॉय द्वारा कथित रूप से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने (Palwal Crime News) का गंभीर आरोप लगा है।
पीड़ित महिला के अनुसार, देर रात भर्ती वार्ड में ड्यूटी पर तैनात वार्ड ब्वॉय महेंद्र उसके बिस्तर के पास पहुंचा और अनुचित हरकतें करने लगा। महिला द्वारा शोर मचाने पर जब अस्पताल का अन्य स्टाफ और तीमारदार मौके पर पहुंचे, तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और तुरंत डायल-112 पर पुलिस को सूचित किया। हालांकि, पुलिस टीम के अस्पताल पहुंचने से पहले ही आरोपी वार्ड ब्वॉय मौके से फरार होने में सफल रहा।
Palwal Crime News – मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए नागरिक अस्पताल होडल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (SMO) डॉ. संजीव तोमर ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी वार्ड ब्वॉय महेंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।अस्पताल प्रशासन ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों को भेज दी। आरोपी कर्मचारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को भी औपचारिक लिखित शिकायत प्रेषित की गई है।


