राजधानी दिल्ली के बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस ने संगठित नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने नरेला इलाके में सक्रिय कुख्यात (Delhi Police Drug Bust) महिला तस्कर (ड्रग्स लेडी) पार्वती के ठिकाने पर छापेमारी कर अकूत अवैध संपत्ति का खुलासा किया है।
Delhi Police Drug Bust – तलाशी अभियान के दौरान पार्वती के घर से 56.69 लाख रुपये नकद, 355 ग्राम सोना, 161 ग्राम चांदी तथा 4 अचल संपत्तियों की मूल रजिस्ट्री के दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह समस्त संपत्ति और नकदी अवैध ड्रग तस्करी के काले कारोबार से जुटाई गई है।
डेढ़ करोड़ की हेरोइन और ₹64 लाख से अधिक कैश
इस पूरे मामले में अब तक 1.204 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन जब्त कर चुकी है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। विभिन्न ठिकानों से कुल मिलाकर 64.62 लाख रुपये नकद, कीमती सोने-चांदी के जेवरात और तस्करी में प्रयुक्त की जाने वाली 2 लक्जरी कारें जब्त की गई हैं।
इलाके की घोषित ‘बैड कैरेक्टर’
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी पार्वती के खिलाफ पूर्व में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम और दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत 12 से अधिक गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आपराधिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहने के कारण स्थानीय पुलिस द्वारा उसे थाने की सक्रिय बीसी (बैड कैरेक्टर) घोषित किया जा चुका है।


