बालोद : छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नेशनल हाईवे-30 पर स्थित मरकाटोला घाट के पास भारी बारिश के बीच एक दिल दहला देने वाला भीषण सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे खराब होकर खड़े एक पिकअप वाहन को पीछे से आ रहे गेहूं से लदे 16 पहिया टाटा ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को तुरंत धमतरी जिला अस्पताल में (Balod Road Accident) भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
Balod Road Accident – प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रहा था। मरकाटोला घाट के पास अचानक वाहन में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया था। उस समय वाहन में कुल 13 लोग सवार थे, जिनमें से दो लोग वाहन ठीक कराने के लिए मैकेनिक लाने धमतरी की तरफ गए हुए थे। इसी दौरान रायपुर से जगदलपुर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़े वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
इलाज के दौरान 4 घायलों ने तोड़ा दम: मौके पर ही हो गई थी 2 की मौत
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस, पेट्रोलिंग टीम और यातायात पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इस भीषण टक्कर के कारण मौके पर ही 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल में उपचार के दौरान 4 और घायलों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 6 हो गई है।


