सागर : जिले के बहुचर्चित बंडा जहरीली शराब कांड के मुख्य अभियुक्त और गढ़ी मलहरा स्थित देशी-विदेशी शराब दुकान के ठेकेदार रवि लखेरा को पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद बरायठा के घने जंगलों से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस बल (Sagar Poisonous Liquor Case) पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से रवि लखेरा घायल हो गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया।
इसे भी पढ़ें – सागर कांड के बाद छतरपुर प्रशासन का बड़ा एक्शन: अवैध शराब कारोबारियों पर संयुक्त प्रहार
Sagar Poisonous Liquor Case – जहरीली शराब कांड सामने आने के बाद से ही आरोपी रवि लखेरा पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। विशेष टीमों द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान बीती रात पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी बरायठा क्षेत्र के जंगल में शरण लिए हुए है। सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस दल ने जंगल के इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। खुद को घिरा देख आरोपी ने गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस ने नियंत्रित फायरिंग कर उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार व अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया।


