मध्य प्रदेश में परीक्षाओं में धांधली, नौकरियों में भ्रष्टाचार और शिक्षा के निजीकरण जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मंगलवार को इंदौर के रीगल चौराहे से ‘युवा स्वाभिमान यात्रा’ (Gen-Z Cyclothon) का आगाज किया। यह साइकिल यात्रा दो दिनों में इंदौर से (Congress’s Yuva Swabhiman Yatra) भोपाल पहुंचेगी, जिसका उद्देश्य युवाओं को उनके अधिकारों के प्रति एकजुट करना है।
जीतू पटवारी ने यात्रा की शुरुआत करते हुए कहा कि यह केवल एक साइकिल यात्रा नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी के उस स्वाभिमान का संकल्प है, जो अवसर और सम्मान चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 25 वर्षों में भाजपा सरकार के दौरान शिक्षा और परीक्षा माफिया बेलगाम हो गए हैं। उनके अनुसार, प्रदेश में अब तक 90 बार पेपर लीक हो चुके हैं और 50 बार परीक्षाएं निरस्त की जा चुकी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केजी से लेकर पीजी तक की महंगी शिक्षा आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है।
इसे भी पढ़ें – उद्घाटन से पहले ही केन नदी पर बने पुल में पड़ी दरारें, निर्माण की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
Congress’s Yuva Swabhiman Yatra – यह यात्रा 14 जुलाई को इंदौर से शुरू होकर आष्टा तक जाएगी, और 15 जुलाई को आष्टा से भोपाल पहुंचकर समाप्त होगी। राजधानी भोपाल में इस यात्रा के दौरान युवाओं से प्रदेश में बदलाव की अपील की जाएगी। कांग्रेस का कहना है कि वे पूरे देश में इसी तरह की साइकिल यात्राओं के जरिए छात्रों और युवाओं की समस्याओं को केंद्र में लाएगी।
यात्रा के दौरान फैला कचरा, निगम ने ठोका जुर्माना
युवा स्वाभिमान यात्रा विवादों से भी जुड़ी रही। रीगल चौराहे पर कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा गुब्बारे की पर्चियां और पानी की बोतलें महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने छोड़ दी गई थीं। स्वच्छता अभियान के नियमों का उल्लंघन होने पर इंदौर नगर निगम ने एनएसयूआई प्रदेश प्रभारी रवि दांगी पर 2,000 रुपये का स्पॉट फाइन लगाया है।


