पंजाब के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत मंत्री अमन अरोड़ा ने रविवार को घोषणा की कि पंजाब सरकार द्वारा 550 करोड़ रुपये की लागत से पूरे राज्य के सभी गांवों को सौर ऊर्जा से चलने वाली एलईडी स्ट्रीट (Mukhyamantri Roshan Punjab Yojana) लाइटों से रोशन करने के लिए एक विशेष पहल ‘मुख्यमंत्री रोशन पंजाब योजना’ शुरू की गई है।
स्थानीय सर्किट हाउस में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने इस प्रोजेक्ट को गांवों में रोशनी के लिए सबसे बड़ी पहलों में से एक बताया, जिसके तहत पूरे पंजाब में 3 लाख से अधिक सोलर एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। श्री अरोड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में मंत्रिमंडल ने शनिवार को गांवों में विश्वसनीय और किफायती लाइटिंग सुनिश्चित करने के लिए इस प्रोग्राम को मंजूरी दी है।
इसे भी पढ़ें – ज्वाइनिंग के पहले ही दिन लेडी डॉक्टर ने छोड़ी नौकरी, प्राइवेट अस्पताल की लूट का किया बड़ा पर्दाफाश
उन्होंने कहा कि सोलर स्ट्रीट लाइटों को उनकी शून्य बिजली लागत, विश्वसनीयता और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए उपयुक्त होने के कारण प्राथमिकता दी जा रही है। यह प्रोजेक्ट पंजाब ऊर्जा विकास एजेंसी (पेडा) द्वारा लागू की जाएगी और जून से अक्टूबर 2026 के बीच चरणबद्ध तरीके से लाइटें लगाई जाएंगी। इस योजना के लिए संशोधित फंडिंग पैटर्न अपनाया जाएगा, जिसमें राज्य सरकार 70% और ग्राम पंचायतें 30% योगदान देंगी।
Mukhyamantri Roshan Punjab Yojana – इस पहल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पिछले 70 वर्षों में गांवों में केवल 1.14 लाख स्ट्रीट लाइटें लगाई गई थीं, जिनमें से कई अब खराब हो चुकी हैं। नई योजना के तहत सभी लाइटें 7 साल के वार्षिक रखरखाव अनुबंध के साथ लगाई जाएंगी, जिसके तहत खराब होने पर उन्हें 3 दिनों के भीतर ठीक करना सुनिश्चित किया जाएगा।


