देश की प्राइवेट कंपनियों की ओर से सीएनजी की कीमतों में इजाफा किया गया है. हाल के दिनों में टॉरेंट ने सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी की. अब नाम अडानी गैस का भी सामने आ रहा है. जिसने अलग अलग शहरों में सीएनजी की कीमतों में 1 रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी की है. जबकि टॉरेंट ने ये इजाफा 2.5 रुपए प्रति किलोग्राम किया था. वहीं इस फेहरिस्त में थिंक गैस का नाम भी आया है. जिसने 4 रुपए प्रति किलोग्राम तक का इजाफा किया है. वहीं दूसरी ओर सरकारी कंपनियों की ओर से सीएनजी की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं की है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर प्राइवेट कंपनियों की ओर से सीएनजी की कीमतों में कितना इजाफा किया गया है.
अडानी ने कितनी महंगी की सीएनजी
देश के कई हिस्सों में प्राइवेट सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स ने कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतें 1-4 रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ा दी हैं। यह बढ़ोतरी अप्रैल की शुरुआत में घरेलू नेचुरल गैस की कीमतों में हुई वृद्धि के बाद हुई है, जो वैश्विक तेल और गैस की बढ़ती कीमतों के कारण हुई थी। सबसे पहला नाम अडानी गैस का सामने आ रहा है. जानकारी के अनुसार कंपनी ने गुजरात में CNG की कीमतों में 1.5 रुपए प्रति किलोग्राम बढ़ाईं. जोकि हाल ही में दूसरी कंपनियों ओर से किए गए इजाफे से काफी कम है.
टॉरेंट और थिंक गैस ने भी बढ़ाए दाम
वहीं दूसरी ओर टॉरेंट और थिंक गैस की ओर से भी सीएनजी की कीमतों में इजाफा किया गया है. पहले बात टॉरेंट गैस की करें तो कंपनी ने राजस्थान और अन्य बाजारों में सीएनजी की कीमतों में 2.5 रुपए प्रति किलोग्राम का इजाफा किया है. जोकि अडानी गैस के मुकाबले में एक रुपए प्रति किलोग्राम ज्यादा है. वहीं दूसरी ओर थिंक गैस ने सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरे उत्तर और दक्षिण भारत में कंपनी ने सीएनजी की कीमतों में 2.5-4 रुपए प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी की है. जोकि सबसे ज्यादा है.


