यमुनानगर (हरियाणा): जिले के जगाधरी में स्कूल पहुंचने में महज 10 मिनट की देरी होने पर 11वीं कक्षा के छात्र के साथ क्रूरतापूर्वक मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। शहर जगाधरी थाना पुलिस ने पीड़ित छात्र के पिता की लिखित शिकायत और चिकित्सीय जांच (मेडिकल रिपोर्ट) के आधार पर सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य के खिलाफ( Yamunanagar Crime News) सुसंगत कानूनी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
ब्राह्मण चौक निवासी शशिधर ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनका पुत्र कृष्णा शर्मा जगाधरी स्थित राजकीय विद्यालय में 11वीं कक्षा का छात्र है। आरोप है कि 30 जुलाई की सुबह वह तय समय से करीब 10 मिनट देरी से स्कूल पहुंचा था। देरी से पहुंचने पर आक्रोशित प्रिंसिपल ने दंड स्वरूप छात्र को स्कूल के मैदान की सफाई करने और वहां फैला कूड़ा-कचरा उठाने का फरमान सुनाया।
जब छात्र ने कूड़ा उठाने और मैदान साफ करने से मना कर दिया, तो प्रिंसिपल ने अपना आपा खो दिया और छात्र के दोनों कानों पर ताबड़तोड़ 15 से 20 थप्पड़ जड़ दिए। पीड़ित छात्र के पिता ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान प्रधानाचार्य ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी।
थप्पड़ लगने से कान से सुनाई देना हुआ कम
बेरहमी से हुई इस पिटाई के बाद छात्र के एक कान से सुनाई देना (Yamunanagar Crime News) कम हो गया, जिससे घबराए परिजनों ने तुरंत अस्पताल ले जाकर उसका डॉक्टरी परीक्षण कराया। परिजनों ने चोटों और कान की रिपोर्ट जगाधरी थाना पुलिस को सौंपते हुए न्याय की गुहार लगाई।
