हर साल 25 सितंबर को ‘विश्व फेफड़ा दिवस’ मनाया जाता है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को लंग्स की सेहत के प्रति जागरूक करना है. आज के समय में बढ़ते प्रदूषण, खराब खानपान और जीवनशैली के कारण फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं. इसी कड़ी में एक बड़ा सवाल यह भी सामने आता है कि क्या लगातार (World Lung Day) एयर कंडीशनर का इस्तेमाल करने से हमारे फेफड़ों पर कोई बुरा असर पड़ता है?
दिल्ली के जीटीबी हॉस्पिटल के मेडिसिन विभाग के डॉक्टर अजीत कुमार के अनुसार, एसी खुद सीधे तौर पर फेफड़ों को नुकसान नहीं पहुंचाता है. हालांकि, यदि कम वेंटिलेशन वाले बंद कमरे में लंबे समय तक रहा जाए, तो वहां हवा की क्वालिटी बेहद खराब हो जाती है. ऐसे कमरों में धूल, धुआं, एलर्जी पैदा करने वाले कण और अन्य प्रदूषक अंदर ही जमा होते रहते हैं, जो सांस के जरिए हमारे शरीर में प्रवेश करते हैं.
खांसी, गले में जलन और एलर्जी जैसी हो सकती हैं समस्याएं
डॉक्टर का कहना है कि ताजी हवा का पर्याप्त आना-जाना न होने से कमरे में (World Lung Day) मौजूद धूल-कण वहीं तैरते रहते हैं. इस लापरवाही के कारण कुछ लोगों को खांसी, गले में जलन, सांस लेने में परेशानी और गंभीर एलर्जी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं. इसके अलावा, यदि कमरे में सीलन या फफूंदी लगी है, तो ह्यूमिडिटी बढ़ने से यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है. इसलिए जरूरी है कि समय-समय पर एसी का फिल्टर साफ कराया जाए और कमरे में उचित वेंटिलेशन का विशेष ध्यान रखा जाए.
