वृंदावन। पावन राधाष्टमी पर्व के अवसर पर शनिवार सुबह प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के वृंदावन स्थित ‘श्री राधा केलि कुंज’ आश्रम पहुंचने की खबर मिलते ही रमणरेती क्षेत्र में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। प्रेमानंद महाराज के दर्शन पाने की लालसा में देर रात से ही हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जमा होने लगी थी। इसी दौरान श्री राधा केलि कुंज आश्रम के समीप स्थित एक अन्य आश्रम में अचानक लोहे की रेलिंग टूट जाने से हड़कंप मच गया और (Vrindavan News Today) मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Vrindavan News Today – प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे श्रद्धालुओं की आवक लगातार बढ़ने लगी। श्री राधा केलि कुंज आश्रम के पास स्थित एक आश्रम से बाहर निकलने की होड़ में श्रद्धालुओं का दबाव लोहे की रेलिंग पर आ गया। अचानक दबाव बढ़ने से रेलिंग उखड़कर टूट गई, जिससे श्रद्धालु एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। इस दुखद हादसे में चार श्रद्धालुओं के घायल होने की खबर सामने आई, जिसके बाद तत्काल स्थानीय पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया।
3 महीने के एकांतवास के बाद लौटे थे महाराज
उल्लेखनीय है कि संत प्रेमानंद महाराज पिछले करीब तीन महीनों से यमुना पार स्थित अपने ‘यमुना विहार’ आश्रम में एकांतवास साधना कर रहे थे। राधाष्टमी के शुभ अवसर पर उनके पुनः ‘श्री राधा केलि कुंज’ आश्रम आगमन की जानकारी जैसे ही फैली, रमणरेती क्षेत्र में भक्तों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन और आश्रम के सेवादारों व शिष्यों को भीड़ नियंत्रण के लिए भारी मशक्कत करनी पड़ी।
