7.7 तीव्रता के भूकंप ने जहां म्यांमार के कई इलाकों में (Scene Of Devastation In Bangkok) भीषण तबाही मचाई है तो वहीं थाईलैंड के बैंकॉक शहर को भी हिलाकर रख दिया. यहां कई इमारतें जमींदोज़ हो गईं.
28 मार्च का दिन म्यांमार और थाईलैंड में तबाही लेकर आया. 7.7 तीव्रता के भूकंप से जहां म्यांमार में सैकड़ों आशियाने उजड़ गए तो थाईलैंड के बैंककॉक में ऊंची-ऊंची इमारतें ताश के पत्तों की तरह बिखर गईं. भूकंप से तबाही की 1 नहीं कई ऐसी तस्वीरें सामने आ रहीं हैं, जो इसकी ताकत और विनाश की साक्षात गवाही देती हैं.
जहां कल तक गगनचूंबी इमारत थी वहां अब मलबे का ढेर
ये वीडियो थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक का है जहां एक निर्माणाधीन इमारत भूकंप का कहर नहीं झेल पाई. महज 5 सेकंड में ये गगनचुंबी इमारत जमींदोज हो गई. अब इस इमारत के गिरने के कई वीडियो सामने आ रहे हैं, जिन्हें अलग-अलग एंगल से कैप्चर किया गया. वीडियो में 30 मंजिला इमारत के बिखरने और भूकंप से लोगों में भरे खौफ को देखा जा सकता है.
म्यांमार के कुछ इलाकों में बर्बादी के सिवा कुछ नहीं बचा
बैंकॉक को भूकंप के झटकों ने हिलाकर रख दिया तो वहीं भूकंप का केंद्र रहे म्यांमार में भीषण तबाही मची है. भूकंप के झटकों से लोग डरे हुए हैं. म्यांमार के कुछ इलाकों में बर्बादी के सिवा कुछ नहीं बचा है.
एक-एक जान बचाने की जद्दोजहद
इस तरह की तस्वीरों ने दुनिया भर को दहला कर रख दिया है. एक-एक जान बचाने के लिए रेस्क्यू टीमें जद्दोजहद कर रही हैं. मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला जा रहा है. म्यांमार में भूकंप से अबतक 1600 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. 3000 से ज्यादा लोग घायल है, जिनका इलाज जारी है. बैंकॉक (Scene Of Devastation In Bangkok) में भूकंप से 10 लोगों की मौत हुई है. वहीं 16 लोग घायल हैं जबकि 101 लापता हैं.

