तिरुवल्लूर: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में पेरियापलायम के पास एक भयावह औद्योगिक दुर्घटना सामने आई है। यहाँ एक झींगा प्रसंस्करण कारखाने (Prawn Processing Unit) में अमोनिया गैस का भीषण रिसाव (Tamil Nadu Gas Leak Case) होने से 7 लोगों की जान चली गई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
कारखाने में काम कर रहे मजदूरों के अनुसार, अचानक अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। देखते ही देखते 45 से अधिक मजदूर इसकी चपेट में आ गए। उन्हें सांस लेने में गंभीर तकलीफ होने लगी और कई मजदूर बेहोश होकर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेहोश हुए कुछ लोगों के नाक और मुंह से खून भी बह रहा था, जो घटना की भयावहता को दर्शाता है।
Tamil Nadu Gas Leak Case – हादसे के तुरंत बाद प्रभावितों को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने कई लोगों को मृत घोषित कर दिया। कुल 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें 6 मजदूर शामिल हैं। वहीं, 10 से अधिक लोगों की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें चेन्नई के स्टेनली अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।


