तृणमूल कांग्रेस की सांसद और तेजतर्रार नेता महुआ मोइत्रा ने हिंदूवादी इनफ्लुएंसर स्वतंत्र भारद्वाज को अदालत द्वारा जमानत दिए जाने के निर्णय पर कड़ी आपत्ति जताई है. महुआ ने यह आलोचना स्वतंत्र के एक नए वायरल वीडियो के सामने आने के बाद की है, जिसमें वह उत्तर प्रदेश के नगीना से आजाद समाज पार्टी के (Swatantra Bhardwaj Viral Video) सांसद चंद्रशेखर आजाद को चेतावनी देते हुए नजर आ रहा है.
सामने आए इस वीडियो में स्वतंत्र भारद्वाज दलित समाज और सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ तीखी भाषा का इस्तेमाल करते हुए खुद को ‘ब्राह्मण शेर’ बता रहा है और खुली चुनौती दे रहा है. हालांकि, इस बात की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है कि यह वीडियो नया है या पुराना, लेकिन इसके सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और महुआ मोइत्रा ने इसे अपनी टाइमलाइन पर शेयर करते हुए न्यायपालिका पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
कोर्ट ने दी थी तीन हफ्ते की अंतरिम जमानत
गौरतलब है कि दिल्ली की एक अदालत ने 15 सितंबर को एडिशनल सेशंस जज सौरभ प्रताप सिंह ललेर के आदेश पर स्वतंत्र भारद्वाज को जंतर-मंतर पर एक प्रदर्शन के दौरान मारपीट के मामले में 50 हजार के मुचलके पर तीन सप्ताह की अंतरिम जमानत दी थी. जुलाई माह में दर्ज एससी/एसटी एक्ट के इस मामले में बुलंदशहर (Swatantra Bhardwaj Viral Video) से गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया था, जिस पर अब जमानत मिलने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है.
