यदि आपके नाम पर जारी किसी सिम कार्ड का इस्तेमाल किसी गैरकानूनी या आपराधिक गतिविधि में पाया जाता है, तो यह आपको बहुत भारी पड़ सकता है. दूरसंचार विभाग (DoT) ने सोमवार को एक गंभीर चेतावनी जारी करते हुए लोगों को आगाह किया है कि यदि किसी अपराध में उनके नाम पर रजिस्टर्ड सिम का (Sanchar Saathi Portal Alert)उपयोग होता है, तो उन्हें 3 साल तक की जेल और 50 लाख रुपये तक का भारी जुर्माना भुगतना पड़ सकता है.
Sanchar Saathi Portal Alert – यह चेतावनी उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण है जिनके दस्तावेजों का इस्तेमाल उनकी जानकारी के बिना अन्य सिम कनेक्शन लेने के लिए किया गया है. हाल ही में छत्तीसगढ़ में एक पॉइंट ऑफ सेल एजेंट द्वारा लोगों की जानकारी के बिना उनके दस्तावेजों से 25 मोबाइल कनेक्शन एक्टिवेट करने का मामला सामने आने के बाद यह एडवाइजरी जारी की गई है.
टेलीकॉम एक्ट 2023 के तहत होगी कार्रवाई
दूरसंचार विभाग ने ऐसे मॉडेम, सिम बॉक्स और अन्य उपकरणों को लेकर भी कड़ा अलर्ट जारी किया है जिनके IMEI नंबर से छेड़छाड़ की गई हो, क्योंकि IMEI डिवाइस की पहचान का एक यूनिक नंबर होता है. इसके अलावा, कॉलिंग लाइन आइडेंटिटी या अन्य टेलीकॉम पहचान बदलने वाले किसी भी ऐप, वेबसाइट या टूल का इस्तेमाल करना भी पूरी तरह गैरकानूनी है. टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट, 2023 के प्रावधानों के तहत नेटवर्क सुरक्षा को खतरे में डालने वाले ऐसे कृत्यों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा.


