सहारनपुर। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के सिलसिले में सहारनपुर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने दलित समाज के बीच एक बड़ा राजनीतिक और सामाजिक संदेश दिया है। मंगलवार दोपहर नितिन नबीन पार्टी के स्थानीय दलित कार्यकर्ता अजब सिंह के आवास पर पहुंचे। उनके साथ यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद थे। दोनों शीर्ष नेताओं ने अजब सिंह के परिजनों के साथ जमीन (Saharanpur BJP News) पर बैठकर अरहर की दाल, रोटी, पुलाव, आलू की सूखी सब्जी, रायता और आइसक्रीम का आनंद लिया।
Saharanpur BJP News – दलित कार्यकर्ता के घर भोजन करने से पूर्व नितिन नबीन ने संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस अवसर पर स्थानीय प्रबुद्धजनों ने उन्हें संत रविदास की प्रतिमा और पवित्र पुस्तक भेंट की। इसके बाद सहारन पुर पहुंचे भाजपा अध्यक्ष ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सांसदों, विधायकों और जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ सांगठनिक समीक्षा बैठक की। इस दौरान कुछ पदाधिकारियों ने संगठन में उचित मान-सम्मान न मिलने की शिकायत रखी, जिस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सख्त रुख अपनाते हुए दूरियों को खत्म करने के निर्देश दिए।
‘पूरा ध्यान 2027 के चुनाव पर केंद्रित करें कार्यकर्ता’
बैठक में जिलाध्यक्षों से चुनावी तैयारियों का फीडबैक लेते हुए नितिन नबीन ने स्पष्ट किया कि इस समय सभी का एकमात्र लक्ष्य 2027 का विधानसभा चुनाव होना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा, “पार्टी में किसी भी निष्ठावान कार्यकर्ता की उपेक्षा नहीं होने दी जाएगी। पुनः सरकार बनने पर सभी को उचित सम्मान और जिम्मेदारी मिलेगी।” बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि बीजेपी सभी वर्गों को साथ लेकर चल रही है और 2027 में पुनः प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।
