संगरूर। पंजाब के संगरूर जिले अंतर्गत भवानीगढ़ में कथित तौर पर जहरीली मिठाई खाने से तीन मासूम सगे भाई-बहनों की मौत के मामले में पुलिस ने बेहद रोंगटे खड़े करने वाला (Sangrur crime news) खुलासा किया है। पुलिस तफ्तीश के अनुसार, बच्चों की सगी मां ने प्रेमी के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची और बच्चों को मिठाई में जहरीला पदार्थ मिला कर खिला दिया, जिससे अस्पताल में इलाज के दौरान तीनों की दर्दनाक मौत हो गई।
आरोपी मां गिरफ्तार, प्रेमी की तलाश जारी
एसएसपी संगरूर डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि बखौपीर रोड भवानीगढ़ में संदिग्ध मिठाई खाने से जसनूर कौर (7 वर्ष), अरमानदीप सिंह (5 वर्ष) और रिहानदीप सिंह (ढाई वर्ष) की तबीयत बिगड़ी थी और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया था। शुरुआत में पुलिस ने इसे फूड पॉइजनिंग का मामला मानते हुए बच्चों के पिता कुलविंदर सिंह के बयानों पर 174 CrPC के तहत प्राथमिक कार्रवाई की थी।
अवैध संबंधों के चलते रची गई हत्या की साजिश
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला, कुलविंदर सिंह की (Sangrur crime news) पत्नी लवप्रीत कौर का जलालाबाद निवासी हरजीत सिंह नामक युवक के साथ अवैध प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस का दावा है कि दोनों ने अपने रिश्ते के बीच रोड़ा बन रहे तीनों मासूम बच्चों को रास्ते से हटाने के लिए मिठाई में विषैला पदार्थ मिलाने की योजना बनाई थी। पुलिस ने लवप्रीत कौर और हरजीत सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया। मंगलवार को पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला लवप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि फरार प्रेमी हरजीत सिंह की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
