उत्तराखंड को ऋतु खंडूरी (Ritu Khanduri) के रूप में पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष मिलने जा रही हैं। कोटद्वार से विपरीत परिस्थितियों में चुनाव जीतकर आई महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऋतु खंडूरी (Ritu Khanduri) का नाम विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए लगभग तय माना जा रहा है। जल्द पार्टी की ओर से आधिकारिक रूप से उनके नाम की घोषणा हो सकती है।
Ritu Khanduri – ऋतु पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी की बेटी हैं और कोटद्वार से चुनाव जीतने के बाद से ही उनका नाम पहले मुख्यमंत्री और फिर मंत्री पद के लिए चल रहा था, हालांकि सीएम और मंत्री पद की रेस से ऋतु बाहर हो गईं लेकिन अब उन्हें विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने की तैयारी है।
इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड : CM बना भाजपा का, मिठाई कॉंग्रेसियो ने बांटी
राज्य गठन के बाद से यह पहला मौका होगा जब कोई महिला विधायक विधानसभा अध्यक्ष के रूप में चुनी जाएंगी। इधर, ऋतु ने उन्हें विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर पूछे सवाल के जवाब में कहा कि उन्हें वरिष्ठ नेताओं ने संकेत दे दिए हैं। पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी वह पूरी लगन और ईमानदारी से उसका पालन करेंगी।
उत्तराखंड विधानसभा के नए अध्यक्ष के लिए गुरुवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होगी। शुक्रवार दोपहर तक नामांकन कराया जा सकेगा और फिर शनिवार या रविवार को अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। सूत्रों के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष के पद के लिए चुनाव का कार्यक्रम तय कर लिया गया है। विदित है कि इस माह के अंत मे विधानसभा का सत्र होना है। ऐसे में विधानसभा अध्यक्ष का चयन जरूरी है।
इसे भी पढ़ें – शपथ ग्रहण से पहले CM धामी ने मंदिर में की पूजा अर्चना, गुरूद्वारे में टेका माथा
मंत्रिमंडल में जगह न पा सकने वाले नेताओं की नजर विधानसभा उपाध्यक्ष की कुर्सी पर भी है। पार्टी में विधानसभा उपाध्यक्ष पद के लिए जिन विधायकों के नाम चल रहे हैं उनमें रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ, राजपुर विधायक खजानदास आदि के नाम चर्चा में हैं।

