रांची। लंबे समय से झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा पुलिस के लिए सिरदर्द बने रहे 1 करोड़ रुपये के इनामी कुख्यात माओवादी कमांडर असीम मंडल की गिरफ्तारी के बाद अब उसे अदालत से जल्द (Ranchi Naxal News) सजा दिलाने की कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी गई है।पश्चिम बंगाल से हुई इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद झारखंड पुलिस अब उसके खिलाफ विभिन्न थानों में दर्ज दर्जनों आपराधिक मुकदमों में प्रभावी पैरवी कर स्पीडी ट्रायल चलाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।

 हत्या और देशद्रोह के 55 मामले दर्ज

झारखंड पुलिस के प्रवक्ता सह IG नरेंद्र सिंह ने बताया कि असीम मंडल उर्फ आकाश के खिलाफ झारखंड के अलग-अलग जिलों में 55 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें जनप्रतिनिधियों की हत्या, सुरक्षा बलों पर घात लगाकर हमला करने, घातक हथियारों की लूट और नक्सली हिंसा भड़काने जैसे संगीन आरोप शामिल हैं। पुलिस अब इन सभी लंबित मामलों में डिजिटल व तकनीकी साक्ष्यों को संकलित कर अदालत में मजबूती से चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।

 4 मार्च 2007 को हुआ था बाघुरिया का खूनी खेल

असीम मंडल का नाम राज्य की सबसे चर्चित नक्सली वारदातों में शामिल रहा है। पूर्वी सिंहभूम के बाघुरिया गांव में 4 मार्च 2007 को आयोजित एक फुटबॉल मैच के दौरान जमशेदपुर के तत्कालीन जेएमएम सांसद सुनील महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। मैच के दौरान ही अत्याधुनिक हथियारों से लैस नक्सलियों के दस्ते ने ताबड़तोड़ गोलीबारी कर सांसद सुनील महतो, उनके दो बॉडीगार्ड और एक स्थानीय नेता की निर्मम हत्या कर दी थी। इस दिल दहला देने वाले हत्याकांड (Ranchi Naxal News) की साजिश में असीम मंडल की केंद्रीय भूमिका रही थी।

Share.
Exit mobile version