रांची। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने संगठनात्मक फेरबदल के (Jharkhand BJP News) तहत झारखंड में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह को झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का क्षेत्रीय संगठन प्रभारी नियुक्त किया है। वहीं, छत्तीसगढ़ में संगठन महामंत्री रहे वरिष्ठ नेता पवन कुमार साय को झारखंड भाजपा का नया प्रदेश संगठन महामंत्री बनाया गया है।
Jharkhand BJP News – झारखंड के निवर्तमान प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ का संगठन महामंत्री नियुक्त किया गया है। नए क्षेत्रीय और प्रदेश संगठन पदाधिकारियों की नियुक्ति पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के तमाम दिग्गजों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
सौदान सिंह और पवन साय की नई भूमिका
सौदान सिंह भाजपा के एक कुशल और अनुभवी संगठनकर्ता माने जाते हैं। उनका झारखंड प्रदेश की राजनीति और भाजपा संगठन से काफी पुराना जुड़ाव रहा है। पूर्व में भी उन्होंने राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री के रूप में राज्य में भाजपा संगठन को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दूसरी ओर, पवन कुमार साय को भी संगठन संचालन का गहरा अनुभव है। वे 2016 से छत्तीसगढ़ में प्रदेश संगठन महामंत्री का दायित्व संभाल रहे थे। पवन साय का मुख्य ध्यान कार्यकर्ता संवाद, संगठन विस्तार, सशक्तीकरण और अनुशासित संगठन संचालन पर रहता है।
