नई दिल्ली: नीट (NEET) पेपर लीक और प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में पूर्णिया (बिहार) के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव मंगलवार को संसद परिसर में बेहद अनोखे और आक्रामक (Pappu Yadav’s unique demonstration) अंदाज में पहुंचे। उनके सिर पर पट्टी बंधी थी, एक हाथ पर डॉक्टरी बैंडेज था और हाथ में एक बड़ी लाठी थी।
Pappu Yadav’s unique demonstration – संसद परिसर में उनकी यह तस्वीर देखते ही वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी और अन्य सांसद हैरान रह गए। संसद भवन के मुख्य द्वार पर सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें लाठी के साथ अंदर प्रवेश करने से रोक दिया, जिसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि यह कोई दुर्घटना नहीं, बल्कि बिहार और देश भर के छात्रों पर हुई पुलिसिया बर्बरता के खिलाफ उनका प्रतीकात्मक विरोध है।
सांसद पप्पू यादव ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “मैं यह लाठी अपनी सुरक्षा के लिए लेकर चल रहा हूं। पता नहीं यह सरकार कब, कहां और किसे मरवा दे। आज बिहार में हक मांग रहे छात्रों के साथ जिस तरह का अमानवीय व्यवहार हो रहा है, उसी के विरोध में मैं इस रूप में संसद आया हूं।” उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि बिहार में छात्रों के आंदोलन को कुचलने के लिए अत्यधिक बल प्रयोग किया गया और उन पर AK-47 तक का इस्तेमाल किया गया।
देश में बनाया जा रहा भय का माहौल
पप्पू यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत प्रमुख विपक्षी नेताओं पर हुई पुलिसिया कार्रवाई का जिक्र करते हुए सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में भय का माहौल बना दिया गया है और छात्रों व युवाओं के अधिकारों की आवाज उठाने वालों को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।


