गोड्डाः जिले के महागामा थाना क्षेत्र के नयानगर गांव के समीप पूर्व विधायक अशोक भगत के निजी सहायक विजय शर्मा पर धारदार हथियार से हमला किया गया है. इस घटना में विजय शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज गोड्डा सदर अस्पताल में चल रहा है.
हमलावर से कोई पुराना विवाद नहींः विजय शर्मा
बताया जा रहा है कि विजय शर्मा अपने घर से बाइक पर निकले थे. इस बीच नयानगर के पास काजेश शर्मा नामक व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में उनके हाथ पर गंभीर चोट आई है.
घायल विजय शर्मा ने बताया कि जब उन पर तलवार से हमला किया गया, तो वह हेलमेट पहने हुए थे जिसके कारण उनके सिर पर चोट नहीं लगी. इसके बाद हमलावर ने उनके दाएं हाथ और पैर पर तलवार से वार किया, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए. उन्होंने बताया कि हमला जान से मारने के इरादे से किया गया था. हमलावर के साथ उसका पहले कोई झगड़ा नहीं था.
गोड्डा सदर अस्पताल में इलाज जारी
घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद हमलावर वहां से भाग निकला. पीड़ित विजय शर्मा ने खुद पुलिस को घटना की सूचना दी. घायल विजय को रेफरल अस्पताल महागामा पहुंचाया गया फिर प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल उनको रेफर कर दिया गया है.
घटना का कारण साफ नहीं है
इस पूरे मामले पर महागामा थाना प्रभारी मनोज पाल ने घटना की पुष्टि कर बताया कि अस्पताल में विजय शर्मा का इलाज जारी है. साथ ही कहा कि मामले की तहकीकात की जा रही है. घटना की वजह साफ नहीं हुईं है. कुछ लोग इसे रंजिश तो कुछ लोग राजनीत से जोड़ कर देख रहे हैं.


