दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ से जुड़े विधेयकों पर विचार-विमर्श करने आई संसद की संयुक्त संसदीय समिति (JPC) का स्वागत किया। समिति संविधान (129वां संशोधन) विधेयक और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक के प्रावधानों पर राज्य सरकारों से (One Nation One Election) सुझाव लेने के लिए दिल्ली आई है।
‘एक साथ चुनाव समय की मांग’, संसाधनों की होगी बड़ी बचत
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि देश में एक साथ चुनाव होना आज समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से देश की ऊर्जा, समय और संसाधनों का अपव्यय होता है। चुनाव के दौरान आचार संहिता लगने से विकास कार्य बाधित होते हैं और सरकारी मशीनरी का बड़ा हिस्सा चुनावी ड्यूटी में लग जाता है। दिल्ली जैसे राज्यों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि यहाँ चुनाव के दौरान शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित होती हैं। राष्ट्रहित में दिल्ली सरकार अपने चुनावी कार्यकाल में आवश्यक समायोजन करने के लिए भी तैयार है।
One Nation One Election – बैठक के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली एक लघु भारत है, जहाँ देश भर के नागरिक रहते हैं। इसलिए यहाँ के चुनावी व्यवहार का अध्ययन अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने समिति को भरोसा दिलाया कि दिल्ली सरकार इस विषय पर जल्द ही औपचारिक रूप से लिखित सुझाव सौंपेगी। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि दिल्ली सरकार ऐसे हर सुधार का समर्थन करती है जिससे सुशासन और प्रशासनिक दक्षता बढ़े, बशर्ते संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक सिद्धांत पूरी तरह सुरक्षित रहें।


