शिमला : नए साल का जश्न मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थल सैलानियों (New Year Celebration) से गुलजार हो गए हैं। शिमला, मनाली, डल्हौजी, कसौली और धर्मशाला में भारी संख्या में सैलानी पहुंचे हैं। अधिकांश सरकारी व निजी होटलों में दो जनवरी तक एडवांस बुकिंग हो चुकी है। शिमला और मनाली में करीब 95-95 फीसदी होटल सैलानियों से पैक हैं।
इसे भी पढ़ें – एक भी गारंटी पूरी न करके पूरे देश को हिमाचल की…
पिछले दो हफ्तों में दो लाख के करीब वाहन शिमला में दाखिल हुए हैं। इनमें ज्यादा तादाद बाहरी राज्यों के पर्यटक वाहनों की है। शिमला में नए साल का स्वागत करने के लिए सैलानियों का पहुंचना लगातार जारी है।दिल्ली चंडीगढ़ और हरियाणा से शिमला आने वाली बसों में भारी भीड़ है। इसी तरह कालका से शिमला आने वाली ट्रेन भी यात्रियों से खचाखच भर कर आ रही है। शिमला में सैलानियों के वाहनों की आमद बढ़ने से सभी पार्किंग स्थल भर गए हैं।
शिमला में सैलानियों के मनोरंजन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। यहां के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पहली बार विंटर कार्निवाल का आयोजन हो रहा है। इसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सैलानी जम कर लुत्फ उठा रहे हैं। कार्निवाल में लगे स्टालों में सैलानी जमकर खरीददारी भी कर रहे हैं। पर्यटकों को विंटर कार्निवल काफी भा रहा है। इसी तरह मनाली में पहली जनवरी से विंटर कार्निवाल शुरू होगा, जिसका उदघाटन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू करेंगे।
इसे भी पढ़ें – हिप्र : माता चिंतपूर्णी मंदिर के नजदीक लिखे खालिस्तान समर्थक नारे,…
New Year Celebration – प्रदेश में पहुंच रहे सैलानियों की यात्रा को यादगार बनाने के लिए पर्यटन कारोबारी होटलों में डीजे, डांस की विशेष पार्टियों का आयोजन भी कर रहे हैं। इसके अलावा पहाड़ी व्यंजन भी परोसे जाएंगे। शिमला के हॉलिडे होम, होटल पीटरहॉफ, पैलेस होटल चायल, होटल पाइन बुड बड़ोग सहित बड़े होटलों में मेहमानों के लिए पैकेज़ जारी किए गए हैं। होटलों में नए साल के जश्न पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में डीजे म्यूज़िक, कपल डांस, पेपर डांस, स्टेच्यू डांस, केंडल डांस और चिल्ड्रन डांस इत्यादि गतिविधियां शामिल होंगी।
